बाइक सवार दो युवकों पर चाकू से वार, एक गंभीर घायल

4
Knife Attack
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : देर रात गांव कारखाना के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बुलेट सवार तीन अज्ञात युवकों ने बाइक सवार दो युवकों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा भी जख्मी हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कारखाना निवासी दीपक और गांव रोझला निवासी राहुल देर रात अपने काम से लौटकर बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। जब वे गांव कारखाना के समीप पहुंचे, तभी पीछे से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान दीपक की गर्दन पर चाकू का गहरा वार लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं राहुल के हाथ पर भी चाकू लगा, जिससे वह भी घायल हो गया। अचानक हुए इस हमले से दोनों युवक घबरा गए और किसी तरह अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में दोनों युवकों को तुरंत सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल राहुल ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद या रंजिश नहीं है। वह मकबरा पीर के पास अपनी दुकान चलाता है और रोजाना की तरह काम खत्म कर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में अचानक हमलावरों ने उनकी बाइक रुकवाकर हमला कर दिया, जिससे वह खुद भी हैरान है। घटना की सूचना मिलते ही सफीदों सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading