सफीदों की बदहाल सड़कों, जलभराव और नालों की सफाई को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

3
HaryanaNews
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों शहर व आसपास के गांवों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसडीएम पुलकित मल्होत्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कार्यक्रम की अगुवाई भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संयुक्त कोर्डिनेटर डा. सुशील वत्स ने की। इस दौरान कांग्रेस नेता नरेश जांगड़ा, दलेर सिंह, पवन कुमार, कुलदीप सिंह सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से शहर की टूटी सड़कों, अतिक्रमण, जलभराव, सीवरेज व्यवस्था, नालों की सफाई और ग्रामीण क्षेत्रों की खस्ताहाल सड़कों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द समाधान करवाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि सफीदों का महात्मा गांधी रोड लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं और कई लोग घायल हो चुके हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के कारण राहगीरों के लिए पर्याप्त रास्ता नहीं बचता। इससे लोगों को परेशानी के साथ-साथ आपसी विवादों का भी सामना करना पड़ता है। कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी रोड का जल्द पुनर्निर्माण करवाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने गांव धर्मगढ़ बोहली से मलिकपुर जाने वाली सड़क की समस्या भी उठाई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह सड़क अभी गारंटी अवधि में है और पिछले करीब तीन वर्षों से टूटी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ किसानों को भी परेशानी होती है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और व्यक्तिगत रूप से शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। नेताओं ने खरीफ फसल की मंडी में ढुलाई शुरू होने से पहले सड़क का पैचवर्क करवाने की मांग की। ज्ञापन में खानसर मोड़ से बसंती माता तक की सड़क का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा सीवरेज लाइन डालने के बाद सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। बरसात के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें वाहन फंस रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी कई कांवड़ियों को इस मार्ग पर परेशानी और चोट का सामना करना पड़ा। उन्होंने सड़क का कार्य उच्च अधिकारियों की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण तरीके से करवाने की मांग की। वर्तमान बरसाती मौसम को देखते हुए शहर के नालों की सफाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अधिकांश नाले कचरे और गंदगी से भरे हुए हैं, जिसके कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती। हाल में हुई तेज बारिश के दौरान शहर की कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया और गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। लंबे समय तक जलभराव रहने से प्रदूषण जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। महात्मा गांधी रोड के मुख्य नाले सहित उससे जुड़े सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई करवाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। रामपुरा रोड स्थित मकबरा पीर, जिसे सबल सिंह बावरी का थान भी कहा जाता है, की समस्या भी ज्ञापन में उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह स्थान लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बाहर के राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मकबरा पीर के सामने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की। इसके अलावा पानीपत रोड से हांसी ब्रांच नहर की पटड़ी पर सफीदों में प्रवेश के लिए बनाए गए बाईपास पर सुरक्षा दीवार नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं और सेफ्टी वॉल नहीं होने के कारण वाहन नहर में गिरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने यहां जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Loading