सफीदों, (एस• के• मित्तल) : शहर के वार्ड नंबर 12 की गुरुद्वारा गली में पिछले करीब एक महीने से घरों में रेत मिला दूषित पानी आने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नलों से आने वाले पानी में रेत और गंदगी की मात्रा होने के कारण क्षेत्रवासी इसे पीने और घरेलू उपयोग में लेने से भी बच रहे हैं। अनेक कालोनी निवासियों का कहना है कि लगातार दूषित पानी की आपूर्ति के चलते उन्हें पीने के पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से समस्या बनी हुई है। शुरुआत में लोगों को लगा कि कुछ दिनों में पानी की गुणवत्ता सामान्य हो जाएगी, लेकिन समस्या लगातार जारी रहने से अब लोगों में रोष बढ़ रहा है।
बाक्स:
कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है। इसके अलावा विभाग के टोल-फ्री नंबर पर भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। लोगों के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के बाद विभाग की ओर से समस्या का समाधान कराने का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराने के बाद बिना समस्या का समाधान किए ही बंद कर दी गईं। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि शिकायतें दर्ज होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होगा तो लोग अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाएं।
बाक्स:
स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता
दूषित पानी को लेकर क्षेत्रवासियों में स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि साफ पानी हर परिवार की बुनियादी जरूरत है। लंबे समय तक रेत और गंदगी मिला पानी आने से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने सरकार व प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग को मौके पर जाकर पानी की समस्या के कारणों की जांच करनी चाहिए और स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। साथ ही पानी की गुणवत्ता की जांच करवाकर लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
बाक्स:
जेई बोले- विभाग के संज्ञान में है मामला
इस संबंध में जन स्वास्थ्य विभाग के जेई सागर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द ही समाधान करवाया जाएगा।
![]()







