सफीदों, (एस• के• मित्तल) : जेसीआई सफीदों द ग्रेट की ओर से नगर के गीता विद्या मंदिर स्कूल में सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयोजक संस्था की अध्यक्ष डॉ. पूनम सिंगला मित्तल मुख्यातिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता स्कूल की प्राचार्या रूचि कंसल ने की। अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा कान्हा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छता, हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी को सुरक्षित रखने का संदेश चित्रों के जरिए प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डस्टबिन भी वितरित किए गए। विद्यार्थियों के बीच चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अपने संबोधन में डा. पूनम सिंगला मित्तल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। डॉ. पूनम ने कहा कि जेसीआई सफीदों द ग्रेट द्वारा आयोजित ये गतिविधियां सतत विकास लक्ष्यों की भावना के अनुरूप हैं। वृक्षारोपण, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जागरूकता जैसी पहलें वर्तमान पीढ़ी की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कविता शर्मा, संजीव पुंडीर, ममता पुंडीर, अंकुर सिंगला, नितिन पाहवा, जितेंद्र मान, विपिन मित्तल, सुमित बिंदलिश, आशीष कंसल, प्रिंस मित्तल व विपुल जैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
![]()











