महाविद्यालय में 6 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

3
College Workshop
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के पीजी कॉलेज में आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीरवार को समापन हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने की। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशलों से अवगत करवाया गया। प्रशिक्षक ईश ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण की विभिन्न गतिविधियों को व्यावहारिक तरीके से समझाते हुए आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने कौशल को निखारा। इस मौके पर प्लेसमेंट इंचार्ज मनोज कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल भी बेहद आवश्यक हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास पैदा करने के साथ उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच जो अंतर है, उसे कम करने में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम काफी उपयोगी साबित होते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने विषय से संबंधित ज्ञान के साथ-साथ संचार कौशल, तकनीकी दक्षता और अन्य व्यावहारिक क्षमताओं को भी लगातार विकसित करें। प्राचार्या ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे उपलब्ध प्लेसमेंट अवसरों का लाभ उठाने के लिए स्वयं को पूरी तरह तैयार रखें और भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करें। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Loading