रेवाड़ी : शहर में रविवार 6 सितंबर को होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में करीब 90 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सुरक्षा के लिए ड्रोन और CCTV कैमरों के साथ थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम रविवार सुबह 5 बजे शुरू होगा, जबकि मैराथन सुबह 6 बजे राव तुलाराम स्टेडियम से रवाना होगी। निर्धारित रूट के अनुसार प्रतिभागी राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक से होते हुए गढ़ी बोलनी रोड स्थित BMG एलिगेंट सिटी तक पहुंचेंगे। यहां से यू-टर्न लेकर वापस आएंगे।
10 किलोमीटर मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को शनिवार 5 सितंबर को राव तुलाराम पार्क में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किट और बीब्स वितरित किए जाएंगे।
मैराथन के मद्देनजर शहर में 5 और 6 सितंबर को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव रहेगा। 5 सितंबर शाम 5 बजे से 6 सितंबर दोपहर 12 बजे तक धारूहेड़ा-गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर NH-52 फ्लाईओवर के नीचे से राव अभय सिंह चौक तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
इसके अलावा रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक आउटर सर्कुलर रोड पर राव अभय सिंह चौक से पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए BMG एलिगेंट सिटी तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
नारनौल और महेंद्रगढ़ की तरफ से गुरुग्राम, दिल्ली और जयपुर जाने वाले वाहन हरि नगर फ्लाईओवर से रेवाड़ी बाइपास, गोकलगढ़ और प्रजापति चौक होते हुए NH-352 का इस्तेमाल कर सकेंगे। वाहन चालक NH-11 का भी उपयोग कर सकते हैं।
गुरुग्राम और दिल्ली से नारनौल-महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन पुलिस लाइन के पास NH-352 से NH-11 की ओर जा सकेंगे। शहर में प्रवेश के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
रोडवेज और निजी बसों के रूट में भी बदलाव रहेगा। पटौदी, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली की ओर जाने वाली बसों को सर्कुलर रोड और झज्जर चौक की तरफ से निकाला जाएगा। जयपुर और दिल्ली की ओर जाने वाली बसें बावल रोड और NH-11 का इस्तेमाल करेंगी।
मैराथन में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। नए बस स्टैंड के पास और दिल्ली रोड स्थित बालाजी मार्केट के नजदीक खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने वाहन चालकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक नवीन पुनिया और सत्यन लांबा सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। आयोजन में ‘नशामुक्त हरियाणा’ की थीम को भी प्रमुखता दी जाएगी। जागरूकता प्रदर्शनी और सैंड आर्ट के जरिए नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा के अनुसार रूट पर स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस, पेयजल और रिफ्रेशमेंट सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार आयोजन स्थल तथा रूट की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है, ताकि मैराथन के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा के साथ शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखी जा सके।
![]()











