भारोत्तोलन में सफीदों की बेटियों का दमदार प्रदर्शन

5
Safidon Weightlifting
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : यमुनानगर में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित हरियाणा स्कूल राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वेटलिफ्टिंग नर्सरी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और सफीदों का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में एकता स्वराज ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 102 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एकता के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब एकता राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल, कोच और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं हर्षिका ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 114 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक हासिल किया। हर्षिका ने राज्य स्तरीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कोच गुलशन सैनी ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम उन्हें प्रतियोगिताओं में मिल रहा है। उन्होंने एकता स्वराज को राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने के लिए विशेष शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस सफलता ने न केवल विद्यालय, बल्कि सफीदों क्षेत्र में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद जगाई है।

Loading