सफीदों, (एस• के• मित्तल) : बीत गई 7 मार्च को यहां एक फैक्ट्री में बुरी तरह झुलसकर मारे गए 12 मजदूरों के परिजनों की सहायतार्थ आज एक-एक लाख रुपए के चेक डिप्टी स्पीकर डॉक्टर कृष्णलाल मिड्ढा की तरफ से एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सौंपे। इस मौके पर तहसीलदार राजेश गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। उस आगजनी में 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। इस दुखद घटना के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। पीड़ितों की अत्यंत दयनीय स्थिति को देखकर हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने भी पीड़ित परिवारों को अपनी ओर से एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। वह सहायता आज डिप्टी स्पीकर की तरफ से एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने मृतकों के परिजनों को सौंपी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने इस मौके पर कहा कि सरकार व प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होने कहा कि ऐसे दर्दनाक मामलों में सरकार का उद्देश्य केवल तत्काल राहत उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग देकर उनके जीवन को पुनः सामान्य स्थिति में लाने का भी है। एसडीएम ने कहा कि डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर दी गई यह सहायता पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का परिचायक है।
![]()











