सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत माहभर आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ सेवा भावना, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होना भी बेहद जरूरी है। युवा वर्ग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्राचार्या ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता जैसे कार्यों से जुड़ें। उन्होंने बताया कि आगामी एक माह के दौरान अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर विद्यार्थियों को समाजहित के कार्यों से जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर डॉ. सरला सहरावत, रीना देवी, डॉ. लक्की दुहन, रमीत कौर तथा मोहित बूरा विशेष रूप से मौजूद रहे।
![]()











