सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम के सुपुत्र एडवोकेट रजत गौतम ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर एडवोकेट रजत गौतम ने कृषि संबंधी कार्य के दौरान दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को कल्याणकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता राशि के चैक भी बांटे। इस अवसर पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, डीएसपी गौरव शर्मा, तहसीलदार राजेश गर्ग तथा एडवोकेट रजत गौतम ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में देशी घी के लड्डू भी वितरित किए गए। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत उपमंडल एवं जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों एवं आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। विधायक रामकुमार के सुपुत्र एडवोकेट रजत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। रजत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का भी है।
![]()











