सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दमकल कर्मचारियों ने की मॉक ड्रिल

4
Safidon Fire Safety
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें दमकल कर्मचारियों द्वारा स्कूल में फायर सेफ्टी को लेकर विद्यार्थियों और स्टाफ को जागरूक किया गया। दमकल केंद्र सफीदों से एलएफएम बलवान सिंह, एफएम तेजबीर सिंह, एफएम ओमप्रकाश, एफओ मोहित कुमार ने सफीदों में वीरवार को आग से बचाव और आपात स्थिति में सही तरीके से कार्रवाई करने के उद्देश्य से फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को आग लगने के कारणों, बचाव के उपायों तथा अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सफीदों के एम.जे.एस. राजकीय आईटीआई व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को अलग-अलग प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार के अग्निशमन यंत्र का प्रयोग किया जाना चाहिए। साथ ही आग लगने के प्रमुख कारणों और आग को फैलने से रोकने के उपायों के बारे में भी समझाया गया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों तथा फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग के बारे में जानकारी दी गई। फायर सेफ्टी टीम ने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तुरंत आसपास के लोगों को सचेत करें और सुरक्षित स्थान पर जाएं। आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने फायर सेफ्टी से संबंधित जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना और आग से बचाव के उपायों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Loading