वाइस चांसलर प्रो. डॉ. रामपाल सैनी का समाज ने किया जोरदार अभिनंदन महाराजा शूरसैनी धर्मशाला में आयोजित हुआ सम्मान समारोह शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी जा सकती है: प्रो. डॉ. रामपाल सैनी

3
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : समस्त सैनी समाज के तत्वावधान में नगर की महाराजा शूरसैनी धर्मशाला में चौ. रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी जींद के वाइस चांसलर प्रो. डॉ. रामपाल सैनी के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि वाइस चांसलर प्रो. डॉ. रामपाल सैनी ने शिरकत की। उनके अलावा पदमश्री महावीर गुड्‌डू व संत धनपत दास विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं प्रधान राजबीर सैनी, रोशन सैनी नंबरदार, रमेश सैनी, विजय सैनी, सतीश सैनी, सतपाल सैनी, राजिंद्र सैनी, एडवोकेट नरेंद्र सैनी, सुभाष सैनी विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज करवाई। समारोह में सैनी समाज के लोगों ने प्रो. डॉ. रामपाल सैनी का फूलों की मालाएं पहनाकर तथा पगड़ी बांधकर जोरदार अभिनंदन किया। सम्मान समारोह के दौरान समाज के लोगों ने उन्हें जिम्मेदारी एवं उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। समाज के लोगों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिम्मेदारी निभा रहे प्रो. डॉ. रामपाल सैनी का सम्मान पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। अपने संबोधन में वाइस चांसलर प्रो. डॉ. रामपाल सैनी ने सम्मान के लिए समस्त सैनी समाज का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा दिया गया सम्मान केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं होता, बल्कि यह व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक गंभीरता तथा निष्ठा के साथ निभाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज और देश के विकास को नई दिशा दी जा सकती है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और मेहनत को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं। आवश्यकता इस बात की है कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें और लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें। प्रो. डॉ. रामपाल सैनी ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है, जब समाज के लोग एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक उत्थान और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर गंभीरता से काम करें। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाएं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Loading