गुरुग्राम : सेक्टर-21 में आयोजित 32वें गणेश महोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। विधायक मुकेश शर्मा पहलवान की अगुवाई में आयोजित महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति बप्पा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। भजन संध्या, महाप्रसाद और भंडारा आयोजन के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।
आयोजन समिति के अनुसार गणेश महोत्सव की यह परंपरा पिछले 32 वर्षों से चली आ रही है। इस बार भी पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। यहां स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन के लिए सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है और देर शाम तक धार्मिक कार्यक्रम चलते हैं।
महोत्सव में हर शाम भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से आमंत्रित भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। भजनों के दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
आयोजन समिति से जुड़े अनुज शर्मा के मुताबिक इस बार भी अलग-अलग स्थानों से भजन गायकों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। धार्मिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजन को पारिवारिक और सामाजिक उत्सव का स्वरूप दिया गया है।
महोत्सव में पूजा-अर्चना के साथ सेवा कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन महाप्रसाद और भंडारे की व्यवस्था की गई है। पंडाल में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा है।
खान-पान के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के अनुसार दिल्ली के चांदनी चौक की चाट-पापड़ी, पुरानी दिल्ली के छोले-भटूरे और गुरुग्राम के विभिन्न लोकप्रिय व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं को ये व्यंजन निशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दर्शन के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए वॉलिंटियर्स व्यवस्था संभाल रहे हैं। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
महोत्सव के दौरान शाम होते ही पंडाल में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। भजन-कीर्तन के साथ पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आता है। श्रद्धालु परिवारों के साथ पहुंचकर पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।
आयोजन का समापन 25 सितंबर को किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान के बाद गणपति विसर्जन की तैयारी की गई है। आयोजन समिति की ओर से समापन कार्यक्रम को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
लगातार तीन दशक से अधिक समय से आयोजित हो रहा यह गणेश महोत्सव स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक मेल-मिलाप का भी अवसर बना हुआ है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और वॉलिंटियर्स का सहयोग करने की अपील की है।
![]()











