मिनी सचिवालय में लगाया गया समाधान शिविर नायब तहसीलदार ने सुनी लोगों की समस्याएं

3
Safidon Samadhan Shivir
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नायब तहसीलदार संजय कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निर्धारित समयावधि में निपटारे के निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न महकमों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में बिजली विभाग तथा जनस्वास्थ्य विभाग से संबंधित दो शिकायतें सामने आईं। नायब तहसीलदार ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संजय कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को उनकी समस्याओं से राहत दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। शिकायत को संबंधित विभाग तक भेजने के बाद उसकी प्रगति पर भी नजर रखी जाए, ताकि मामला केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रह जाए। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक देरी से बचने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों का मकसद लोगों को विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

Loading