नारनौल में स्कूल बस की स्कूटी और साइकिल से टक्कर, तीन लोग घायल; बस में सवार बच्चे सुरक्षित

2
Narnaul School Bus Accident

नारनौल : महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गुरुवार सुबह बच्चों को लेने जा रही एक निजी स्कूल बस की स्कूटी और साइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार दो लोग और एक साइकिल सवार घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को उपचार के लिए नजदीकी सीबीएम अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार बच्चों को चोट नहीं लगी है।

जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ रोड स्थित सूरज स्कूल की बस सुबह गांव नूनी शेखपुरा की ओर जा रही थी। नूनी गांव के मोड़ से कुछ आगे, सीबीएम अस्पताल के पास बस की स्कूटी से टक्कर हुई। इसके बाद साइकिल भी उसकी चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले गए।

घायल साइकिल सवार की पहचान करीब 35 वर्षीय अखिलेश दास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और फिलहाल नसीबपुर में किराए के मकान में रहते हैं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। स्कूटी पर सवार नसीबपुर निवासी नीता कुमारी और अतर सिंह भी घायल हुए हैं। तीनों का निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

सूचना मिलने पर महावीर चौक पुलिस चौकी के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। हादसे के समय बस में कुछ बच्चे मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, उनमें से किसी को चोट नहीं आई। जानकारी मिलने पर स्कूल का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया था।

महावीर चौक पुलिस चौकी के सतीश कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में हादसा होने की बात सामने आई है। हालांकि, टक्कर कैसे हुई, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस घटनास्थल और वहां मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।

Loading