कुरुक्षेत्र में बागड़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली पलटी, मां-बेटी समेत 6 की मौत; 20 से अधिक घायल

5
Kurukshetra Tractor Trolley Accident

कुरुक्षेत्र : राजस्थान के बागड़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली गुरुवार को पिंडारसी गांव के पास पलट गई। हादसे में सात साल के हर्ष, डेढ़ साल की सीरत और चार महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कलाल माजरा से करीब 30 श्रद्धालु दोपहर में हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी मंदिर में माथा टेकने के लिए निकले थे। कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर पिंडारसी बस अड्डे के पास हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक पराली से भरी एक ट्रॉली को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से ट्रक आने पर उससे बचने की कोशिश में श्रद्धालुओं की ट्रॉली पलट गई। हादसे की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।

ट्रॉली पलटते ही कई लोग उसके नीचे फंस गए। खेतों में काम कर रहे लोग और वहां से गुजर रही बसों के यात्री मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने मिलकर ट्रॉली सीधी की और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल, कपड़े और खाने-पीने का सामान सड़क पर बिखर गया।

मृतकों की पहचान लीला देवी, बाला देवी, बोहती देवी, अंजली, उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी सीरत और सात वर्षीय हर्ष के रूप में हुई है। अंजली और सीरत ट्रॉली में साथ बैठी थीं। लीला देवी कलाल माजरा की रहने वाली थीं, जबकि बाला देवी करनाल के जुंडला से यात्रा में शामिल होने आई थीं।

हर्ष के पिता जसवंत सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले उसे गोद लिया था। हर्ष पहली कक्षा में पढ़ता था और अपनी मां रंजीत कौर के साथ बागड़ धाम जा रहा था। हादसे में उसे खोने से परिवार सदमे में है।

घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अंजली और सीरत के शव बारन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाए गए हैं, जबकि अन्य मृतकों के शव एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading