हाट गांव में आंदोलनरत ग्रामीणों का फैसला दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद धरना उठाने पर बनी सहमति

5
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के हाट गांव स्थित बिजली घर में बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे अधिवक्ता एवं उपभोक्ता प्रवीण बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों की मुख्य मांग बिजलीघर के दूसरे आरोपी ऑपरेटर मनीष की गिरफ्तारी है। मामले में पुलिस पहले ही आरोपी लाइनमैन रवि को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शुक्रवार को किसान नेता सुरेश कोथ भी धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने मामले में आरोपी दूसरे कर्मचारी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने बिजली उपभोक्ता के साथ कथित मारपीट की निंदा करते हुए कहा कि मामले में पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। धरनास्थल पर डीएसपी गौरव शर्मा ने आंदोलनकारी ग्रामीणों की संघर्ष समिति के सदस्यों से बातचीत की। बातचीत के बाद किसान नेता सुरेश कोथ ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारियों की ओर से पहले की किसी शिकायत का हवाला देकर प्रवीण बूरा के खिलाफ बिजलीघर में कर्मचारियों से झगड़ा करने के आरोप में कोई क्रॉस केस दर्ज नहीं किया जाएगा। कोथ के अनुसार, मामले में नामजद दो बिजली कर्मचारियों के अलावा अन्य तीन आरोपियों के संबंध में भी पुलिस तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी। यदि जांच में उनकी भूमिका और दोष सामने आता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जबकि दोष नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। आंदोलनकारियों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे आरोपी ऑपरेटर मनीष की गिरफ्तारी के बाद थाना प्रभारी बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को साथ लेकर धरनास्थल पर आएंगे। वहां हाट गांव की बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों के साथ चर्चा की जाएगी। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का भरोसा मिलने के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति जताई गई है। इससे पहले संघर्ष समिति ने आरोपी ऑपरेटर मनीष की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा था कि यदि निर्धारित समय तक गिरफ्तारी नहीं होती है तो संघर्ष समिति की बैठक बुलाकर आंदोलन को लेकर अगला फैसला लिया जाएगा।
बाक्स:
यह है पूरा मामला
गौरतलब है कि 16 सितंबर की रात हाट गांव स्थित बिजलीघर में बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे अधिवक्ता एवं उपभोक्ता प्रवीण बूरा के साथ कथित तौर पर वहां मौजूद बिजली कर्मचारियों ने मारपीट की थी। घटना के बाद प्रवीण बूरा की शिकायत पर सफीदों सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शिकायत के आधार पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सफीदों ग्रामीण एसडीओ प्रभात, दो जूनियर इंजीनियर, बिजलीघर के ऑपरेटर मनीष और लाइनमैन रवि के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी लाइनमैन रवि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि ऑपरेटर मनीष की गिरफ्तारी अभी बाकी है। इसी गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले पांच दिनों से हटकेश्वर तीर्थ पर धरना दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Loading