गणेश विसर्जन के दौरान हांसी ब्रांच नहर में डूबा 15 वर्षीय किशोर तलाश में जुटे परिजन और पुलिस

4
Safidon

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में गणेश विसर्जन के दौरान शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुरानी चुंगी निवासी करीब 15 वर्षीय अमन विसर्जन के समय हांसी ब्रांच नहर में गिरकर डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना शहर सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और अमन की तलाश का अभियान शुरू किया गया। परिजन भी नहर के आसपास उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमन गणेश विसर्जन के दौरान अन्य लोगों के साथ नहर के पास मौजूद था। इसी दौरान वह अचानक हांसी ब्रांच नहर में गिर गया और पानी के तेज बहाव के बीच लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर अमन की तलाश शुरू की तथा इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही थाना शहर सफीदों पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद नहर में किशोर की तलाश शुरू करवाई। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। तलाशी अभियान को आसान बनाने के लिए पीछे की ओर स्थित अंटा हैड से नहर के पानी का बहाव कम करवाया गया है, ताकि नहर में पानी का स्तर घटने के बाद अमन की तलाश की जा सके। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अमन के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक नहर में अमन की तलाश जारी थी।

Loading