सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हौसला मजबूत हो तो कोई भी चुनौती सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। सफीदों उपमंडल के गांव जयपुर की 15 वर्षीय अंशिका ने अपनी मेहनत, लगन और जुनून के दम पर इस बात को साबित कर दिखाया है। गुरुग्राम में आयोजित मूक-बधिर खेलकूद प्रतियोगिता में अंशिका ने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। उसकी इस उपलब्धि से गांव जयपुर में खुशी का माहौल है और परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अंशिका माता प्रकाश कौर श्रवण एवं वाणी जनकल्याण केंद्र करनाल में 7वीं कक्षा की छात्रा है। वह सुनने और बोलने में असक्षम है, लेकिन उसकी यह चुनौती उसके हौसले के सामने कभी आड़े नहीं आई। मैदान में उतरते ही अंशिका का पूरा ध्यान अपनी दौड़ और लक्ष्य पर रहता है। नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के चलते उसने कम उम्र में ही खेलों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। अंशिका के पिता विनोद कुमार ने बताया कि वह इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। वह राज्य स्तर पर 10 पदक और राष्ट्रीय स्तर पर एक पदक जीत चुकी है। अब गुरुग्राम प्रतियोगिता में 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर उसने अपनी उपलब्धियों की सूची में दो और पदक जोड़ दिए हैं। उसकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ स्कूल, कोच और गांव के लोग भी बेहद उत्साहित हैं। चार बहनों में अंशिका दूसरे नंबर की है। पिता विनोद अपनी बेटी की लगातार उपलब्धियों से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि अंशिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बेटी की सफलता का श्रेय उसके निरंतर प्रयासों और कोच विजय के मार्गदर्शन को दिया।

![]()











