कुरुक्षेत्र। पिहोवा में कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर अनाज मंडी के पास शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय साहिल की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आया था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। पुलिस उसकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
साहिल पिहोवा के अमृतसरी फार्म का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, वह शाम को बाइक से घर के लिए आटा लेने शहर की ओर निकला था। कुछ देर बाद परिवार को हादसे की खबर मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जानकारी जुटाई। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार के अनुसार, साहिल के पिता की करीब तीन-चार साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद साहिल अपने दादा-दादी के साथ रह रहा था और घर के कामों में उनकी मदद करता था। परिवार उसे दादा-दादी का इकलौता सहारा बता रहा है। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद घर में शोक का माहौल है।
पुलिस हादसे की परिस्थितियों का पता लगा रही है। अनाज मंडी के आसपास और सड़क पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है, ताकि ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()











