यमुनानगर में बाइक को पीछे से कार ने मारी टक्कर, लिफ्ट लेकर जा रहे व्यक्ति की मौत

4
Yamunanagar Accident

यमुनानगर के सढौरा-काला आंब रोड पर रसूलपुर अड्डे के पास बारिश के दौरान एक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर लिफ्ट लेकर जा रहे महमदपुर निवासी 37 वर्षीय मोहन लाल की मौत हो गई। बाइक चला रहे गुरचरण सिंह घायल हुए हैं। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। सढौरा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बड़ा गांव निवासी गुरचरण सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रसूलपुर अड्डे के पास डेंटिंग-पेंटिंग का काम करते हैं। वह बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर अड्डे के पास एक व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। बारिश हो रही थी, इसलिए उन्होंने उसे बाइक पर बैठा लिया। बाद में उसकी पहचान मोहन लाल के रूप में हुई।

गुरचरण के अनुसार, वे जरनैल सिंह के डेरे से कुछ आगे पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि चालक ने हॉर्न भी नहीं दिया। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। मोहन लाल के सिर में चोट लगी और वह बेहोश हो गए। राहगीरों ने दोनों को सढौरा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मोहन लाल को मृत घोषित कर दिया। घायल गुरचरण को आगे के उपचार के लिए यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

गुरचरण ने पुलिस को बताया कि टक्कर मारने वाली कार ग्रे रंग की बैलेनो थी। उनके मुताबिक, चालक हादसे के बाद कुछ दूरी पर रुका और उनके पास भी आया, लेकिन फिर कार लेकर चला गया। पुलिस वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सढौरा थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि मोहन लाल के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को जगाधरी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है और मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मोहन लाल काम के सिलसिले में कालाआंब जा रहे थे।

Loading