पानीपत में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, रोहतक PGI में चल रहा इलाज

3
Panipat News

पानीपत जिले के नूरपुर गुजरान पावर हाउस के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार अवनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 26 सितंबर की शाम करीब छह बजे हुआ। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घायल के पिता महेंद्र सिंह ने 30 सितंबर को सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत देकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत में चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।

महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सादुल्लापुर गांव के निवासी हैं। फिलहाल नूरपुर गुजरान में रहकर भट्ठे से जुड़े खेत में काम करते हैं। घटना वाले दिन उनका बेटा मोटरसाइकिल लेकर नूरपुर गुजरान से डाडौला स्थित खेत की ओर जा रहा था। महेंद्र और उनके भाई हीरालाल भी दूसरी मोटरसाइकिल से उसके पीछे चल रहे थे।

शिकायत के अनुसार, पावर हाउस के पास सामने से एक ट्रैक्टर आ रहा था। महेंद्र का आरोप है कि चालक ने गलत और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अवनेश की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनके बेटे को गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद महेंद्र और हीरालाल ने आसपास मौजूद लोगों की सहायता से अवनेश को संकल्प अस्पताल पहुंचाया। वहां करीब दो घंटे तक प्राथमिक उपचार किया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई भेजने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।

महेंद्र ने शिकायत में देरी का कारण बेटे के उपचार में व्यस्त होना बताया है। उनका कहना है कि अस्पताल में इलाज और देखभाल के चलते वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। उन्होंने पुलिस से चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। मेडिकल रिपोर्ट और उपचार से संबंधित दस्तावेज भी जांच के दौरान उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

Loading