अंबाला में युवक को बचाने पहुंचे नग्गल SHO पर हमला, गंभीर चोटों के बाद चंडीगढ़ रेफर

3
Ambala News

हरियाणा के अंबाला में मारपीट का शिकार हो रहे युवक को बचाने पहुंचे नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर चार-पांच युवकों ने हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने चाकू और लाठी-डंडों से वार किए तथा उनकी वर्दी फाड़ दी। घायल थाना प्रभारी को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंडीगढ़ रेफर किया गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात गांव मटेहड़ी में मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के पास हुई। सुरेश कुमार थाने से अपनी निजी कार में लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने कुछ युवकों को एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा। उन्होंने कार रोककर बीच-बचाव करने की कोशिश की तो युवकों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।

हमले में थाना प्रभारी की गर्दन, सिर, अंगूठे और बाजू पर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, घायल होने के बाद वे सड़क पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गई।

सिविल अस्पताल की डॉक्टर आकांक्षा ने बताया कि सुरेश कुमार की गर्दन के बाईं तरफ चाकू का घाव था। बाएं अंगूठे, दाहिनी बाजू और सिर पर भी चोटें थीं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान घावों पर टांके लगाए गए और पट्टी की गई। डॉक्टर के मुताबिक, सिर की चोट पत्थर या ईंट लगने से होने की आशंका है।

डॉक्टर ने बताया कि सीटी स्कैन में गर्दन की चोट के पास गैस फंसी होने के संकेत मिले। आगे जांच और उपचार की जरूरत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ भेजा गया। घटना की सूचना पर डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार, पूर्व मंत्री असीम गोयल और भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप सिंह राणा अस्पताल पहुंचे और उनका हाल जाना।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। डीएसपी विजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Loading