पानीपत में नेशनल हाईवे-44 के एलिवेटेड हिस्से पर स्कॉर्पियो रोककर उसकी छत पर रील बनाने का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान तेज कॉलोनी निवासी वंश के रूप में की। शुक्रवार को पुलिस उसके घर पहुंची और परिजनों के सामने हिदायत दी। पुलिस के मुताबिक, युवक ने माफी मांगकर सोशल मीडिया से वीडियो हटा दिया है।
पुलिस के अनुसार, वंश जीटी रोड पर देवी मंदिर के पास विक्की मोटर्स नाम से दुकान चलाता है। गुरुवार देर रात उसने अपनी काली स्कॉर्पियो एलिवेटेड हाईवे के बीच रोक दी और छत पर चढ़ गया। वीडियो में वह गाड़ी के ऊपर खड़े होकर अलग-अलग पोज देता और फोन पर बात करता दिखाई दे रहा है।
उसका साथी पास की सीढ़ियों पर चढ़कर वीडियो शूट कर रहा था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में वंश ने बताया कि उसने लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए रील बनाई थी।
वीडियो संज्ञान में आने के बाद सिटी थाना पुलिस की टीम वंश के तेज कॉलोनी स्थित घर पहुंची। पुलिस ने उसे हाईवे पर वाहन रोककर इस तरह वीडियो बनाने के खतरे के बारे में समझाया और दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि करीब पांच महीने पहले भी वंश के खिलाफ बुलेट मोटरसाइकिल से ‘फायर स्टंट’ करने के मामले में सिटी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उस मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था और मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। बाद में वह जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, वंश ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगी। उसने संबंधित वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया और भविष्य में इस तरह के स्टंट नहीं करने का लिखित तथा मौखिक आश्वासन दिया।
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि युवक को परिजनों के सामने अंतिम चेतावनी देकर छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि दोबारा स्टंट या यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()











