करनाल के मंगलौरा गांव के सरपंच और खनन कारोबारी मंजीत कुमार से लॉरेंस गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मंजीत के अनुसार, विदेशी नंबर से कॉल करने वाले ने उनके बेटे को भी धमकी दी। इसके बाद गुरुवार देर रात गांव के बस अड्डे के पास लगे उनके स्वागत बोर्ड पर फायरिंग हुई। पुलिस ने सरपंच की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
मंजीत कुमार ने बताया कि 20 सितंबर को उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने पंजाबी में बात करते हुए खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप का डीके बताया और पांच करोड़ रुपए मांगे। सरपंच का आरोप है कि रकम की मांग का जवाब नहीं देने पर कॉलर ने गोली चलाने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, कॉल करने वाले ने चंडीगढ़ में रहने वाले उनके बेटे का भी जिक्र किया। उसने दावा किया कि उसे सरपंच और उनके परिवार की आवाजाही की जानकारी है। मंजीत ने बताया कि इससे पहले 12 अगस्त को भी उन्हें धमकी मिली थी।
सरपंच के मुताबिक, उन्होंने धमकी वाली कॉल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद गांव में उनके स्वागत बोर्ड को निशाना बनाया गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंजीत कुमार खनन कारोबार से भी जुड़े हैं। उनकी करनाल के यमुना क्षेत्र में मैक्स माइनिंग कंपनी के साथ साझेदारी बताई गई है। इसके अलावा पलवल में एमएम ट्रेडर्स के नाम से खनन का काम और मंगलौरा में मेरठ रोड पर पेट्रोल पंप है।
धमकी की शिकायत पर 30 सितंबर को मधुबन थाने में केस दर्ज किया गया था। मंजीत ने गांव के कुछ युवकों पर रेकी करने और साजिश में शामिल होने का शक जताया है। पुलिस उनसे पूछताछ करने का प्रयास कर रही है।
मंगलौरा चौकी प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि स्वागत गेट पर लगे पोस्टर पर फायरिंग की सूचना मिली है। सरपंच को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। कॉलर के वास्तविक गैंग संबंध की पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
![]()











