महिला हॉकी में भारत ने चीन को हराकर जीता एशियाड गोल्ड, शाहाबाद की नवनीत कौर ने टूर्नामेंट में किए 10 गोल

2
Navneet Kaur

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद की ओलंपियन नवनीत कौर की भागीदारी वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। भारतीय टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ महिला हॉकी में भारत का 44 साल का स्वर्ण पदक का इंतजार समाप्त हुआ और टीम ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक-2028 के लिए सीधी जगह हासिल की।

भारतीय टीम की उपकप्तान नवनीत कौर ने पूरे टूर्नामेंट में दस गोल किए। इनमें सात फील्ड गोल, दो पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक से किया गया गोल शामिल है। फाइनल में भी वह टीम के खेल को संभालने और साथी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने में सक्रिय रहीं।

नवनीत के पिता बूटा सिंह ने जीत पर खुशी जताते हुए बताया कि मुकाबले के अंतिम मिनट तक परिवार की निगाहें खेल पर टिकी रहीं। उनके मुताबिक, चीन लगातार बराबरी करने की कोशिश कर रहा था। करीब एक मिनट बाकी रहते गेंद नवनीत के पास पहुंची तो उन्हें भारत की जीत का भरोसा बढ़ गया।

बूटा सिंह ने कहा कि नवनीत ने गेंद अपने कब्जे में रखकर अंतिम समय में खेल संभाला। उन्होंने बताया कि उपकप्तान के तौर पर बेटी को बड़ी जिम्मेदारी मिली थी। वह साथी खिलाड़ियों को समझाने के साथ जरूरत पड़ने पर आक्रमण और बचाव, दोनों में योगदान दे रही थी।

मैच के बाद पिता की नवनीत से फोन पर बात हुई। बूटा सिंह के अनुसार, वहां जीत का जश्न चल रहा था और गाने बज रहे थे। शोर के कारण बातचीत साफ नहीं हो सकी। नवनीत ने खुशी जाहिर करते हुए पिता से बाद में बात करने को कहा।

बूटा सिंह ने बताया कि कोच ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरी भारतीय टीम की मेहनत का परिणाम बताया और सभी खिलाड़ियों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी ने अपना पूरा योगदान दिया। मजबूत चीन की टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीतना परिवार और देश के लिए खुशी का अवसर है। बेटी की उपलब्धि और भारतीय टीम की जीत से परिवार उत्साहित है।

Loading