करनाल में जन्मदिन की पार्टी से निकले युवक की चाकू लगने से मौत, प्रदीप समेत कई युवकों से पूछताछ

2
Karnal News

हरियाणा के करनाल में जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ गए 20 वर्षीय कृष की चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शुक्रवार रात शिव कॉलोनी में हुए झगड़े के दौरान उस पर हमला किया गया। पुलिस ने प्रदीप समेत कई युवकों को पकड़कर पूछताछ शुरू की है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है।

कृष हांसी रोड पर गली नंबर-दो के सामने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। पिता भोला राम ने बताया कि दो अक्टूबर को बेटे का 20वां जन्मदिन था। शाम को उसने पैसे मांगे और दोस्तों के साथ बाहर पार्टी करने की बात कही।

पिता के अनुसार, उन्होंने कृष को परिवार के बीच घर पर ही जन्मदिन मनाने के लिए कहा था, लेकिन वह दोस्तों के साथ चला गया। रात में मां ने फोन किया तो उसने दस मिनट में घर पहुंचने की बात कही। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए।

रात करीब दो बजे मकान मालिक की बहू ने परिजनों को जगाकर कृष के दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी। परिवार अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे। पिता ने आरोप लगाया कि बेटे की चाकू मारकर हत्या की गई और उन्हें दुर्घटना की गलत जानकारी दी गई।

रामनगर थाना पुलिस के मुताबिक, कृष बहादुरचंद कॉलोनी में अभी नामक युवक के घर पांच-छह दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। उसके दो दोस्त शिव कॉलोनी गए, जहां कुछ लोगों से उनका झगड़ा हुआ। उन्होंने फोन करके पार्टी में मौजूद दोस्तों को वहां बुला लिया।

पुलिस के अनुसार, कृष भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि झगड़े के दौरान प्रदीप ने उसकी जांघ में चाकू मार दिया। दोस्त उसे करनाल सिविल अस्पताल के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके दोस्त वहां से चले गए। घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है। पिता भोला राम ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से न्याय और परिवार की सहायता की मांग की है।

Loading