समालखा में सरकारी पहचान वाली प्लेटों और हूटर लगी दो कारें जब्त, पिता-पुत्र के खिलाफ केस

4
Panipat News

पानीपत के समालखा में गाड़ियों पर कथित फर्जी सरकारी नंबर प्लेट और भारत सरकार की पहचान वाली पट्टियां लगाने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। ट्रैफिक पुलिस ने एक अर्टिगा और एक सियाज कार कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों में अनधिकृत साइरन वाले हूटर भी लगे मिले।

कार्रवाई चार अक्टूबर को हुई। समालखा ट्रैफिक जोन इंचार्ज एएसआई सतीश कुमार टीम के साथ हथवाला रोड पुल के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कृष्णा कॉलोनी निवासी राहुल अपनी अर्टिगा पर फर्जी सरकारी नंबर प्लेट लगाकर खुद को अधिकारी बताता है और लोगों पर रौब जमाता है।

सूचना के अनुसार, कार हथवाला रोड स्थित एसएफसी होटल के पीछे गली में खड़ी थी। पुलिस टीम वहां पहुंची तो अर्टिगा के पिछले बंपर पर लाल अक्षरों में ‘Govt. Of India’ लिखा मिला। पास खड़ी सियाज पर ‘Govt. Of India PBSM Ministry’ लिखी लाल-पीली प्लास्टिक प्लेटें लगी थीं।

पुलिस के मुताबिक, ई-चालान मशीन से दोनों वाहनों के नंबर जांचने पर उनका रिकॉर्ड नहीं मिला। इसी बीच आजाद नगर निवासी राजबीर मौके पर पहुंचा और दोनों कारों का मालिक होने की बात कही। पुलिस ने उससे असली आरसी मांगी, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वाहनों को खुलवाकर चेसिस नंबर के आधार पर जांच की गई। पुलिस का कहना है कि अर्टिगा राहुल और दूसरी कार राजबीर के नाम दर्ज मिली। जांच में असली पंजीकरण नंबर की जगह कथित फर्जी सरकारी नंबर प्लेट लगाए जाने की बात सामने आई। दोनों कारों में लगे हूटर भी जांच के दौरान पाए गए।

ट्रैफिक इंचार्ज ने समालखा पुलिस चौकी को सूचना दी। एएसआई अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर वाहनों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की। शिकायत के आधार पर राजबीर और उसके बेटे राहुल के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़े तथा मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Loading