गुरुग्राम में घर पर मृत मिलीं 75 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका, पड़ोस के मकान में छिपा युवक हिरासत में

6
Gurugram News,

गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी में अकेली रहने वाली 75 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका मधु शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार रात पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पड़ोस के मकान से हिरासत में लिया। पड़ोसी इक्षित नागपाल ने चोरी या लूट के इरादे से हत्या का शक जताते हुए मामला दर्ज कराया है। मौत के कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी।

पुलिस के मुताबिक, मधु शर्मा न्यू कॉलोनी में मदर डेयरी के पास रहती थीं। रविवार रात इक्षित ने अपनी बालकनी से एक युवक को उनके घर में प्रवेश करते देखा। कुछ देर बाद युवक छत की ओर गया। अनहोनी की आशंका पर इक्षित ने अन्य पड़ोसियों को बताया और लोग महिला के घर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने मौके की जांच की। महिला कमरे के प्रवेश द्वार के पास फर्श पर पड़ी मिलीं और आसपास घरेलू सामान बिखरा था। उन्हें सेक्टर-10ए के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाए।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव के अनुसार, शुरुआती जांच में युवक के नकदी और कीमती सामान चुराने के इरादे से घर में घुसने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि महिला के विरोध करने पर हाथापाई हुई और युवक ने उन्हें धक्का दिया। हालांकि, घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों के एकत्र होने पर युवक बगल के मकान में कूद गया और करीब दो से तीन घंटे छिपा रहा। पड़ोसियों से मिले सुराग के आधार पर तलाशी लेकर उसे हिरासत में लिया गया। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पड़ोसियों ने बताया कि मधु शर्मा स्कूल में शिक्षिका थीं और करीब 15 साल पहले सेवानिवृत्त हुई थीं। माता-पिता की मृत्यु के बाद वह अकेली रहती थीं। आसपास के लोगों से उनके अच्छे संबंध थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना भेज दी है। पड़ोसियों ने संपत्ति को लेकर पहले जताई गई आशंकाओं का भी उल्लेख किया है, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है।

Loading