ऐलानाबाद में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में फायरिंग, दो बाइक तोड़ीं; एक व्यक्ति हिरासत में

3
Sirsa News,

सिरसा जिले के ऐलानाबाद क्षेत्र में शनिवार रात दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। घटना गांव झोरड़नाली के पास फल्डी नहर पुलिया की बताई गई है। विवाद के बाद मौके पर छोड़ी गई दो मोटरसाइकिलों को लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने दारा सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सतगुरु और टिब्बी ढाणी रोड पर रहने वाले दारा सिंह के बीच पहले से रंजिश थी। शनिवार को दोनों की मुलाकात के दौरान बहस हुई। बताया गया है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने सोमवार को आमने-सामने आने की बात तय की थी, लेकिन बाद में शनिवार शाम ही पुलिया के पास मिलने की चुनौती दी गई।

रात करीब आठ से नौ बजे सतगुरु अपने साथियों के साथ पैदल पुलिया पर पहुंचा। दारा सिंह अपने साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर वहां आया। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देखकर फायरिंग की। हालांकि, गोली चलाने वाले व्यक्तियों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

एक पक्ष में चार से पांच और दूसरे पक्ष में करीब 30 से 40 लोग होने की जानकारी दी गई है। संख्या अधिक देखकर दारा सिंह और उसके साथी मौके से चले गए तथा मोटरसाइकिलें वहीं छोड़ दीं। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने दोनों बाइकों को तोड़ दिया और फिर वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर रही है। सतगुरु और उसके साथियों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

सदर थाना प्रभारी सीमा ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश थी। मामले की जांच और संबंधित व्यक्तियों की जानकारी जुटाने का काम चल रहा है। बयान तथा जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस संबंधित लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल करेगी। दारा सिंह से पूछताछ जारी है। फिलहाल फायरिंग और मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचाने से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।

Loading