फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित आजाद नगर में अवैध शराब बिक्री की शिकायत करने वाले परिवार के घर पर हमला करने का आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, हमलावरों ने पथराव कर सीसीटीवी कैमरे और मकान का गेट तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है।
आजाद नगर निवासी 42 वर्षीय अश्वनी साउंड उपकरणों की दुकान चलाते हैं। वह पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, सामने रहने वाले खेमराज के परिवार पर अवैध शराब बेचने का आरोप है। जून में शराब बिक्री का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और सीआईए ने उस मकान पर छापेमारी की थी।
उस कार्रवाई के दौरान दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने कटर की मदद से गेट काटकर प्रवेश किया था। तलाशी में अवैध शराब और एक देसी कट्टा बरामद होने की बात सामने आई थी। आरोपी पिछले रास्ते से निकल गए थे और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
अश्वनी और उनके बेटे विकास का कहना है कि कार्रवाई के बाद कुछ समय तक शराब बिक्री बंद रही, लेकिन दो अक्टूबर को दोबारा शुरू हो गई। परिवार ने इसका वीडियो बनाया। आरोप है कि इसी बात की रंजिश में चार अक्टूबर की रात करीब एक बजे उनके घर पर हमला किया गया।
विकास ने विक्की उर्फ मोची, खेमराज और गुड्डू पर हमले का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, पहले कैमरों पर पत्थर मारे गए, फिर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से गेट क्षतिग्रस्त किया गया। परिवार करीब आधे घंटे तक घर के अंदर रहा। हमलावर धमकी देकर चले गए।
परिवार का दावा है कि आरोपियों ने कैमरे तोड़कर अपने साथ ले लिए, लेकिन घटना की कुछ रिकॉर्डिंग उनके पास है। सामने आए वीडियो में रात के समय घर पर पथराव और कैमरे को नुकसान पहुंचाते लोग दिखाई देते हैं।
डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि परिवार की शिकायत मिल चुकी है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। हमले और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की के आरोपों की जांच जारी है।
![]()











