रोहतक में 1,700 रुपये के विवाद में युवक की हत्या का आरोप, केस दर्ज; तीन लोग हिरासत में

4
Rohtak News

रोहतक की कबीर कॉलोनी में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद में 27 वर्षीय रिहान उर्फ कालू की चाकू से हमले के बाद मौत हो गई। परिजनों ने रिश्ते में उसके चाचा लगने वाले अजीज समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

मृतक रिहान उर्फ कालू पुत्र मुमताज कबीर कॉलोनी का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, वह दोपहर के समय स्कूटी पर परचून की दुकान से सामान लेने गया था। रास्ते में चार-पांच लोगों ने उसे घेर लिया और उधार लिए सामान के पैसे मांगने लगे।

परिवार का कहना है कि विवाद 1,700 रुपये को लेकर था। कालू ने रकम एक-दो दिन में देने की बात कही, लेकिन सामने वाले लोग नहीं माने। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई और झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान एक व्यक्ति पास की मुर्गा काटने वाली दुकान से चाकू उठा लाया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अजीज ने कालू पर चाकू से वार किया। घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

शिकायत में परिजनों ने अजीज, आरिफ, सलीम मार्चरी, आशीष और कालू नामक एक अन्य व्यक्ति पर रिहान को घेरकर हमला करने का आरोप लगाया है। परिवार के मुताबिक, घटना से पहले रात में भी इन लोगों के साथ विवाद हुआ था और हमला करने की कोशिश की गई थी।

सिटी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को कबीर कॉलोनी में युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। टीम ट्रॉमा सेंटर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपेगी। हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका और हमले के पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Loading