पंचकूला मंदिर में कड़ा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 70 वर्षीय महिला समेत दो गिरफ्तार

2
Panchkula News

पंचकूला के पटियाला मंदिर में महिला श्रद्धालु का सोने का कड़ा चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं का गिरोह मंदिरों में भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के जेवर चोरी करता था। गिरोह की कथित सरगना 70 वर्षीय लक्ष्मी कौर है। उसके साथ 58 वर्षीय कर्मजीत कौर उर्फ गुड्डी को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी कौर पंजाब के मलेरकोटला जिले के बागड़ियां गांव की रहने वाली है। उसके खिलाफ चोरी, नशा तस्करी और अवैध शराब से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि उसने अपनी रिश्तेदार महिलाओं को जोड़कर चोरी का गिरोह बनाया था।

पुलिस का कहना है कि लक्ष्मी ने पहले अपनी रिश्तेदार कर्मजीत को साथ लिया। बाद में रिश्तेदारी की अन्य महिलाएं भी जुड़ गईं। आरोपी महिलाएं भीड़ वाले मंदिरों में जेवर पहने श्रद्धालुओं को निशाना बनाती थीं। चोरी के बाद जेवर तुरंत दूसरी साथी को सौंप दिए जाते थे, ताकि पकड़े जाने पर सामान बरामद न हो।

यह मामला 26 मार्च 2026 का है। सेक्टर-4 निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मनसा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित पटियाला मंदिर में भंडारे का भोग लगाने आया था। इसी दौरान उसकी पत्नी के हाथ से करीब तीन तोले का सोने का कड़ा चोरी हो गया। कड़ा गायब मिलने पर महिला ने शोर मचाया।

पुलिस ने मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची, जिसमें संदिग्ध महिलाएं दिखाई दीं। पहचान और ठिकानों की तलाश के दौरान जांच पंजाब तक पहुंची। पुलिस की दबिश के बाद आरोपी महिलाओं ने अग्रिम जमानत की याचिका दायर की, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया।

इसके बाद क्राइम ब्रांच-3 को दोनों महिलाओं के जीरकपुर में होने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, वे नई वारदात की फिराक में वहां पहुंची थीं। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया और पंचकूला लेकर आई। रिमांड के दौरान पुलिस उन्हें उनके घर भी ले गई। गिरोह और चोरी की वारदातों से जुड़ी पूछताछ की जा रही है।

Loading