कैथल के होटल में कथित देह व्यापार पर छापा, मैनेजर गिरफ्तार; तीन युवतियों और युवक से पूछताछ

4
Kaithal News

हरियाणा के कैथल में पुलिस ने कथित देह व्यापार की सूचना पर कृष्णा होटल एंड रेस्टोरेंट में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कमरों में मिली तीन युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने होटल मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है। सभी को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

सिविल लाइन थाना पुलिस के मुताबिक, होटल करनाल रोड पर डिफेंस कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां देह व्यापार करवाया जा रहा है और बाहर से युवतियां बुलाई गई हैं। इसके बाद डीएसपी रोहताश और थाना प्रभारी गीता रानी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम जब होटल पहुंची तो मुख्य द्वार का शटर आधा गिरा हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। काउंटर पर मिले मैनेजर ने पूछताछ के दौरान सब कुछ सामान्य बताया। हालांकि, कमरों की जांच में तीन युवतियां और एक युवक मिले।

पुलिस के अनुसार, युवतियां पंजाब के अमृतसर और हरियाणा के करनाल से आई थीं। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोप लगाया है कि उन्हें कमीशन देकर ग्राहकों के सामने पेश किया जाता था। होटल में प्रत्येक ग्राहक से 1200 रुपए लेने की बात भी सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि इस रकम में से मैनेजर अपना कमीशन रखता था और बाकी राशि युवतियों को दी जाती थी। इन आरोपों और होटल में चल रही गतिविधियों की जांच जारी है।

छापेमारी के दौरान कमरों से कपड़ों के कुछ बैग मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लिया है। होटल का ग्राहक रजिस्टर भी जब्त किया गया है। इसके जरिए पिछले दिनों होटल में आने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मैनेजर ने पूछताछ में होटल करीब दो साल पहले शुरू करने की बात कही है। कथित देह व्यापार कब से चल रहा था, इसका पता लगाया जा रहा है। डीएसपी रोहताश ने बताया कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Loading