दिल्ली में साथ रह रहे संदीप और कविता की हत्या के मामले में पुलिस जांच हसनगढ़ निवासी दो दोस्तों तक पहुंची है। पुलिस के मुताबिक, नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा पर दोनों की हत्या का आरोप है। प्रारंभिक जांच में कविता को लेकर विवाद की बात सामने आई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी कविता पर गलत नजर रखते थे। इस बात को लेकर संदीप का उनसे विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद संदीप और कविता के सिर पर ईंट से वार करके हत्या की गई और शव झज्जर क्षेत्र की नहर में फेंक दिए गए। पुलिस हत्या की वजह और घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
संदीप के भाई राकेश सिंह ने बताया कि उसका भाई पहले रोहतक के हसनगढ़ में परचून की दुकान चलाता था। करीब तीन महीने पहले दुकान बंद करके वह कविता के साथ दिल्ली के नेबसराय में रहने लगा। हालांकि, उसका हसनगढ़ आना-जाना जारी था।
परिजनों के मुताबिक, 26 सितंबर को संदीप और कविता कार से हसनगढ़ पहुंचे थे। 30 सितंबर को संदीप की मां ने उससे फोन पर आखिरी बार बात की। उस दौरान संदीप ने बताया था कि वह कविता और दोनों दोस्तों के साथ है। उसने एक-दो दिन में लौटने की बात कही थी, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया।
कई दिनों तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने तलाश शुरू की। आसौदा के पास नहर में युवक और महिला के शव मिलने की जानकारी पर परिजन पुलिस चौकी पहुंचे। वहां तस्वीरें देखकर राकेश ने दोनों की पहचान संदीप और कविता के रूप में की।
राकेश ने शिकायत में दोनों दोस्तों पर हत्या करने और संदीप की कार ले जाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि संदीप और कविता की मुलाकात नोएडा की एक कपड़े की दुकान पर हुई थी।
डीएसपी सांपला राकेश मलिक ने बताया कि हत्या का केस दर्ज है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
![]()











