नूंह में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने प्रताड़ना के आरोप लगाकर जांच मांगी

2
Nuh News

नूंह जिले के पुन्हाना सिटी थाना क्षेत्र में विवाहिता शाहीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल के अन्य लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की है। पिता का कहना है कि करीब 25 दिन पहले शाहीन ने फोन करके परेशान किए जाने और तलाक के लिए दबाव बनाए जाने की जानकारी दी थी। मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

शाहीन के पिता शकील के अनुसार, छह अक्टूबर की सुबह परिवार को बेटी की मौत की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो शाहीन कमरे में बिस्तर पर मृत मिली। परिवार ने परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में नामजद लोगों पर साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।

परिजनों ने बताया कि शाहीन की पहली शादी करीब आठ साल पहले राजस्थान के एक गांव में हुई थी। उनका आरोप है कि उस शादी के बाद दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाता था। इसके बाद शाहीन अपनी बेटी के साथ करीब ढाई साल तक पुन्हाना के नकनपुर स्थित मायके में रही।

इसी दौरान उसका संपर्क बासदल्ला निवासी तालीम से हुआ। परिवार के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। तालीम पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। शाहीन की बेटी अपने नाना के पास रह रही थी।

शकील ने बताया कि कोर्ट मैरिज के बाद करीब डेढ़ साल तक परिवार का शाहीन से संपर्क नहीं रहा। करीब 25 दिन पहले आए फोन में उसने ससुराल में परेशानी की बात बताई थी। अब उसकी अचानक मौत के बाद परिवार ने पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना तथा ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए हैं।

पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी शीशपाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा के अल-आफिया अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस को परिजनों की शिकायत मिल गई है और उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Loading