हाट में मांगों को लेकर धरना जारी सुरेश कौथ ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

1
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट स्थित 33 केवी बिजली घर में अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना और क्रमिक अनशन सोमवार को भी जारी रहा। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि जब तक सभी शेष आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और गांव की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। धरनास्थल पर ग्रामीणों के साथ किसान नेता सुरेश कौथ सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने और गांव में लंबे समय से बनी बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई। धरने पर पहुंचे किसानों, मजदूर यूनियन के सदस्यों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि गांव में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायतें रखी गईं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली घर में अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है। किसान नेता सुरेश कौथ ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी करना व ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और मांगों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जा सकता है। वहीं दूसरी ओर सोमवार को जींद ,सफीदों ओर नरवाना बार एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने इस मामले में एसपी जींद से मुलाकात करके दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की अपनी मांग दोहराई। एसपी जींद ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं बार एसोसिएशनों ने धरने को समर्थन देते हुए आज मंगलवार को भी वर्क सस्पेंड करने की घोषणा की।

Loading