उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मेरठ में लूट के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल वैद को अंबाला कैंट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मेरठ पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राहुल 21 अप्रैल 2026 को मेरठ के गढ़ रोड पर अंकुर गार्डन रिजॉर्ट के पास सर्राफा व्यापारी से आभूषणों से भरा बैग लूटने के मामले में वांछित था। वारदात के संबंध में भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मेरठ पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राहुल ने साथियों के साथ हथियार दिखाकर व्यापारी को लूटने की बात कही। पुलिस का दावा है कि उसने अपने हिस्से में आए सोने-चांदी के आभूषण अंबाला में एक राहगीर को करीब 45 हजार रुपये में बेच दिए थे। यह रकम उसने खाने-पीने और अन्य मुकदमों की पैरवी में खर्च करने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने वारदात में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस जिठौली में निर्माणाधीन पुल के पास छिपाने की बात बताई। टीम उसे बरामदगी के लिए वहां लेकर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने छिपाए गए तमंचे से पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने की जानकारी दी है। मामले में बीएनएस की धारा 310(2) और 61(2) जोड़ने की बात भी कही गई है।
एसटीएफ के अनुसार, राहुल महाराष्ट्र के नासिक जिले के पंचवटी थाना क्षेत्र में मई 2026 में हुई ज्वेलरी दुकान की लूट में भी वांछित है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी है। हरियाणा में करीब नौ मुकदमों की जानकारी का भी पुलिस सत्यापन कर रही है।
![]()











