सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सफीदों अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद, उठान और भुगतान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडी में फसल बेचने, उठान करवाने और भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनकी फसल की खरीद पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएगी। मंडी पहुंचने पर सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कृषि मंत्री का स्वागत किया। दौरे के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से खरीद व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा उठान और भुगतान से संबंधित कार्यों को बिना अनावश्यक देरी के पूरा किया जाए।
बाक्स:
अधिक उत्पादन वाले किसानों की भी खरीदी जाएगी फसल
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिन किसानों की पोर्टल पर दर्ज उत्पादन की मात्रा अधिक है, उनकी फसल की खरीद भी सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे किसान सादे कागज पर अपना नाम, पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर और आढ़ती का नाम लिखकर मार्केट कमेटी सचिव को दें। इसके बाद संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनकी फसल की खरीद बिना देरी के करवाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज बेचने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बाक्स:
साफ और सुखाकर मंडी में लाएं फसल
मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके मंडी में लेकर आएं। इससे फसल में नमी निर्धारित मानकों के अनुरूप रहेगी और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
बाक्स:
सीएम नायब सैनी ने दिए फील्ड में रहने के निर्देश
श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार मंत्री, विधायक और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में सक्रिय रहकर खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान करना और मंडियों में खरीद प्रक्रिया को बेहतर बनाना है।
बाक्स:
51 हजार क्विंटल धान की आवक
सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कृषि मंत्री को मंडी में धान की आवक और खरीद की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सफीदों मंडी में अब तक 51,000 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है, जबकि 12,437 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। प्रशासन की ओर से खरीद, उठान और भुगतान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
![]()











