एजेंटों व डीलरों से लेनदेन करने से बचें नागरिक: एसडीएम पुलकित मल्होत्रा रिश्वत मांगने वालों की 1064 या 18001802022 पर करें शिकायत

4
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने आमजन से अपील की है कि वे उपमंडल कार्यालय से संबंधित विभिन्न कार्यालयों में सुविधाओं एवं सरकारी कार्यों के लिए स्वयं आवेदन करें और स्वयं कार्यालय में उपस्थित होकर अपने कार्य करवाएं। यदि किसी कारणवश वे स्वयं उपस्थित नहीं हो सकते, तो नियमानुसार पावर ऑफ अटॉर्नी देने के उपरांत ही अपने अधिकृत प्रतिनिधि को कार्यालय में भेजें। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि आमजन सरकारी कार्य से सम्बंधित किसी भी कार्य के लिए किसी एजेंट या डीलर के साथ अनावश्यक लेन-देन न करें। सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें तथा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि यदि उपमंडल कार्यालय में कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य करने के बदले रिश्वत अथवा उपहार की मांग करता है किसी अधिकारी के नाम पर किसी प्रकार के पैसों की मांग करता है या किसी कार्य को करने में अनावश्यक आनाकानी करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसडीएम कार्यालय या भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा को दें। एसडीएम ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1064 और 18001802022 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। ऐसी शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनुचित मांग किए जाने पर चुप रहने के बजाय संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Loading