कैथल/पूंडरी, हरियाणा। जिले के पूंडरी में विधायक सतपाल जांबा और बिजली निगम के दो जूनियर इंजीनियरों के बीच चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। दोनों अधिकारियों के तबादले के विरोध में बिजली निगम कर्मचारियों ने शुक्रवार को कामकाज बंद रखने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक हड़ताल करने और तबादला आदेश रद्द होने तक विरोध जारी रखने का ऐलान किया है।
दो जूनियर इंजीनियरों के तबादले से बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, बिजली निगम में कार्यरत जूनियर इंजीनियर सुनील कुमार और नरेश कुमार का कैथल से दूसरी जगह तबादला किया गया है। तबादले के बाद दोनों अधिकारियों को कैथल से कार्यमुक्त भी कर दिया गया, लेकिन उन्होंने अभी तक नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
दोनों जेई का आरोप है कि उनका तबादला रंजिश के चलते किया गया है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई नियमानुसार नहीं हुई है।
बिजली निगम कार्यालय में धरने पर बैठे कर्मचारी
तबादला आदेश के विरोध में दोनों जूनियर इंजीनियर अन्य कर्मचारियों के साथ पूंडरी बिजली निगम कार्यालय में धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोनों जेई के तबादले रद्द नहीं किए जाते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कामकाज बंद रखने की घोषणा से बिजली निगम की नियमित सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
नई जगह जॉइनिंग नहीं करने पर वेतन रोका
तबादले के बाद दोनों जूनियर इंजीनियरों ने नए कार्यस्थलों पर जॉइनिंग नहीं की है। जानकारी के मुताबिक, इसी कारण दोनों का वेतन भी रोक दिया गया है। कर्मचारी इस कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जता रहे हैं।
विधायक ने लगाया काम नहीं करने का आरोप
दूसरी ओर, पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने दोनों जूनियर इंजीनियरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। विधायक का आरोप है कि दोनों अधिकारी अपना काम सही ढंग से नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं। विवाद का समाधान नहीं होने से बिजली निगम के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
![]()











