सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की अनाज मंडी में किसानों की फसल खरीद, उठान और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फसल बिक्री, खरीद प्रक्रिया, मंडी में फसल के उठान तथा किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित रखा जाए ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खरीद से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से मंडी में पहुंच रही फसल, उसकी खरीद, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उठान तथा संबंधित रिकॉर्ड के रखरखाव के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि खरीदी गई फसल का उठान समय पर करवाया जाए, ताकि मंडी परिसर में फसल का अनावश्यक जमाव न हो और किसानों को अपनी उपज मंडी में लाने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे। चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए खरीद एवं उठान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखें। मंडी में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
![]()











