बिग बॉस 20 से बाहर होने के बाद नकुल ढुल ने तोड़ी चुप्पी, बोले—घरवालों के कहने पर निकाला गया, दोबारा एंट्री की चर्चाएं तेज

1
Nakul Dhull

झज्जर। हरियाणा के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल ढुल उर्फ मिट्ठू डॉन ने रियलिटी शो बिग बॉस 20 से बाहर होने के बाद रविवार देर शाम अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से शो से बाहर किए जाने को लेकर अपना पक्ष रखा। नकुल ने कहा कि काश वह शो में अपना और अधिक योगदान दे पाते। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें स्थिति खराब होने के कारण नहीं, बल्कि घर के अन्य सदस्यों के कहने पर बाहर किया गया था। उन्होंने प्रशंसकों से इस विवाद को समाप्त कर आगे बढ़ने की अपील की। वहीं, सोशल मीडिया पर उनकी शो में दोबारा एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि नकुल ने इसकी पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार, नकुल ढुल ने वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में बिग बॉस 20 में प्रवेश किया था। गत 12 अक्टूबर को साथी कंटेस्टेंट कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के साथ विवाद और हाथापाई के बाद उन्हें शो से बाहर किए जाने की खबर सामने आई थी। बताया गया कि नॉमिनेशन टास्क के बाद सिंगर काजी तौकीर की एक टिप्पणी को लेकर नकुल ने सवाल उठाए थे। इसी दौरान गुल्लू के साथ उनकी बहस बढ़ गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। अन्य प्रतिभागियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। अभिनेत्री माही विज सहित कुछ सदस्यों ने नकुल के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद शारीरिक हिंसा को नियमों का उल्लंघन मानते हुए उन्हें बाहर करने का फैसला लिया गया। झज्जर निवासी नकुल ढुल सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक वीडियो, मीम्स और कमेंट्री के लिए प्रसिद्ध हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 14 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं। वह इंजीनियरिंग स्नातक हैं और अपने मजाकिया अंदाज के कारण मिट्ठू डॉन के नाम से लोकप्रिय हुए। शो में प्रवेश के दौरान उनका एक पुराना वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों पर विवाद खड़ा हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार, महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेकर पुलिस से कार्रवाई और जांच रिपोर्ट मांगी थी। फिलहाल नकुल की संभावित वापसी को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Loading