रोहतक। जिले के गांव बसंतपुर स्थित ऐतिहासिक हुड्डा खाप के चबूतरे पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों, प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल करने वाले युवाओं और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा विशेष अतिथि के रूप में पहुंचीं। उन्होंने खिलाड़ियों को चौधरी छोटूराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया और युवाओं को उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। समारोह में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज प्रवीण हुड्डा को परिवार सहित सम्मानित किया गया। इसके अलावा हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले चिराग हुड्डा को पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया गया। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि खेल और शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने कहा कि देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ी पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाते हैं। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान करने से नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों और शिक्षा में अपना भविष्य बनाने का आह्वान किया। समारोह में गांव रूड़की निवासी समाजसेवी जगबीर हुड्डा को भी सर छोटूराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। बताया गया कि जगबीर हुड्डा ने करीब सात हजार बुजुर्गों के मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाने में योगदान दिया है। खाप प्रतिनिधियों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बुजुर्गों की आंखों की रोशनी लौटाने का कार्य समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण है। जगबीर हुड्डा ने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद ही उनकी असली पूंजी है। वह भविष्य में भी स्वास्थ्य और नेत्र जांच शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि गांव में खिलाड़ियों के लिए निशुल्क कोचिंग अकादमी स्थापित कर युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में खाप प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों और समाजसेवियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
![]()











