पंचकूला के नाडा साहिब गुरुद्वारे में दिल्ली यूनिवर्सिटी की महिला प्रोफेसर का पर्स चोरी, CCTV में दिखीं दो संदिग्ध महिलाएं

2
Panchkula News

पंचकूला। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नाडा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंची दिल्ली यूनिवर्सिटी की महिला प्रोफेसर का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला ने प्रोफेसर के बैग से पर्स निकाल लिया। चोरी हुए पर्स में आठ हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, दिल्ली यूनिवर्सिटी का पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और विभिन्न बैंकों के तीन क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड मौजूद थे। पीड़िता की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-81 निवासी नवनीता चड्ढा बेहेरा दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। वह 18 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे से 11 बजकर 45 मिनट के बीच नाडा साहिब गुरुद्वारे में दर्शन करने पहुंची थीं। इसी दौरान जब वह गुरुद्वारे में माथा टेक रही थीं, तभी किसी अज्ञात महिला ने उनके बैग में हाथ डालकर पर्स निकाल लिया। कुछ समय बाद पर्स गायब होने का पता चलने पर उन्होंने तुरंत गुरुद्वारा प्रबंधन कार्यालय से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं दिखाई दीं, जिनमें से एक पर पर्स निकालने और दूसरी पर उसका साथ देने का संदेह जताया गया है। तस्वीरों में महिलाएं चुन्नी के नीचे पर्स छिपाकर ले जाती दिखाई देने का दावा किया गया है। चोरी हुए पर्स में एचएसबीसी, एसबीआई और एचडीएफसी बैंकों के कार्ड भी थे। महत्वपूर्ण दस्तावेज और बैंक कार्ड चोरी होने से पीड़िता को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद उन्होंने चंडीमंदिर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने तथा उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

Loading