सिरसा में कारोबारी पंकज खेमका की कोठी पर बड़ी लूट, पत्नी-बेटे को नशीला पदार्थ देने का आरोप; 800 ग्राम तक सोना और लाखों की नकदी गायब

4
Sirsa News

सिरसा। शहर के सेक्टर-19 में कारोबारी एवं ओएचएम मालिक पंकज खेमका की कोठी पर रविवार रात लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। आरोप है कि हाल ही में रखी गई नौकरानी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कारोबारी की पत्नी और बेटे को नशीला पदार्थ देकर घर से सोना, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। आरोपी परिवार की कार भी साथ ले गए, जिसे पुलिस ने बाद में भावदीन टोल के पास से बरामद कर लिया। घटना के समय पंकज खेमका घर से बाहर थे, जबकि उनकी पत्नी नीतू और दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा वर्धमान घर पर मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, बिनू नाम की नौकरानी को करीब 10 से 15 दिन पहले काम पर रखा गया था। आरोप है कि उसने परिवार की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर रविवार रात वारदात की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, नौकरानी ने महिला और उसके बेटे को कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया। घर के पालतू कुत्ते को भी नशीली दवा दिए जाने की आशंका जताई गई है। इसके बाद दो अन्य व्यक्ति घर में दाखिल हुए और कीमती सामान बैगों में भरकर ले गए। रात करीब ढाई बजे बेटे को होश आने पर घटना का पता चला। उसने अपनी मां को जगाया और पड़ोसियों की सहायता से पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि घर से करीब 700 से 800 ग्राम सोना और दो से तीन लाख रुपए नकद चोरी होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। आरोपियों ने मकान मालकिन के मुंह पर पट्टी बांधने का प्रयास भी किया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। घर के बाहर मिले गुंथे हुए आटे के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं, ताकि नशीले पदार्थ की आशंका की पड़ताल हो सके। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना के बाद कारोबारी के मकान पर निजी सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। फिलहाल नौकरानी और उसके कथित साथियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

Loading