रेवाड़ी में कन्या पूजन का प्रसाद खाने से तीन बच्चियां बीमार, मिलावटी घी की आशंका; खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपल लेकर घी किया सील

4
Rewari News

रेवाड़ी। जिले के बावल क्षेत्र में नवरात्रि के समापन पर आयोजित कन्या पूजन के दौरान हलवा-पूड़ी का प्रसाद खाने से तीन बच्चियों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। प्रसाद खाने के कुछ देर बाद बच्चियों को चक्कर आने और उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें तुरंत चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां से तीनों को सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में बच्चियों का उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार ने प्रसाद बनाने में इस्तेमाल देसी घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पुलिस से शिकायत की है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से रोहतक जिले के खेड़ी गांव निवासी सतीश अपने परिवार के साथ रेवाड़ी में रहते हैं। परिवार ने नवरात्रि के व्रत रखे थे और सोमवार को महानवमी के अवसर पर कन्या पूजन एवं भोज का आयोजन किया था। इसके लिए बावल बाजार से सूजी, देसी घी और अन्य खाद्य सामग्री खरीदी गई थी। सतीश के अनुसार, हलवा-पूड़ी खाने के बाद उनकी छह वर्षीय बेटी लीला, पड़ोस की 12 वर्षीय सानिया और डेढ़ वर्षीय साबिया की तबीयत अचानक खराब हो गई। तीनों को लगातार उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सतीश ने आरोप लगाया कि प्रसाद बनाने में इस्तेमाल घी मिलावटी होने की आशंका पर वह संबंधित दुकानदार के पास पहुंचे थे, लेकिन दुकानदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकाकर भगा दिया। इसके बाद उन्होंने बावल थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस शिकायतकर्ता को साथ लेकर संबंधित दुकान पर पहुंची और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया। फूड सेफ्टी अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि दुकान में आधा किलो के चार घी के डिब्बे मिले। विभाग ने घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं और दुकान में उपलब्ध संबंधित घी को सील कर दिया है। पुलिस भी शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बच्चियों की तबीयत घी के कारण बिगड़ी या किसी अन्य वजह से। घी में मिलावट होने की पुष्टि भी प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Loading