बलाना गांव में कंबल फैक्ट्री में भीषण आग, 6 से 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

10
Panipat Fire

हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बलाना में शनिवार सुबह एक कंबल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और धुएं के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आईं। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 6 से 7 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने के लिए मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए।

कंबल फैक्ट्री में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई गई। दमकल विभाग की टीमें आग पर नियंत्रण पाने में जुटी रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Loading