घर में निकला 10 फीट लंबा अजगर, परिवार में मची दहशत; वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

12
Faridabad News

फरीदाबाद। जिले के भाकरी गांव में एक घर के अंदर करीब 10 फीट लंबा अजगर मिलने से परिवार में दहशत फैल गई। अजगर घर की सीढ़ियों के पास उस स्थान पर बैठा था, जिसका इस्तेमाल परिवार के सदस्य नहाने के लिए करते हैं। अचानक इतने बड़े अजगर को देखकर घर के लोग घबरा गए।

शाम को अचानक अजगर पर पड़ी नजर

जानकारी के अनुसार, शाम के समय परिवार के सदस्यों की नजर घर में बैठे अजगर पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे और घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

परिवार के लिए राहत की बात यह रही कि अजगर का घर के किसी भी सदस्य से सामना नहीं हुआ और कोई जनहानि नहीं हुई।

रात 10 बजे पहुंची वन विभाग की टीम

अजगर मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग की टीम रात करीब 10 बजे गांव पहुंची।

टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को पकड़ लिया। बाद में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के रेस्क्यू के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Loading