27 को होगा आर्य समाज का मासिक वैदिक सत्संग

12
Arya Samaj Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आर्य समाज सफीदों के तत्वावधान में रविवार, 27 सितंबर को मासिक वैदिक सत्संग का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आर्य समाज मंदिर सफीदों में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर आर्य समाज की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आर्य समाज सफीदों के प्रधान यादविंद्र बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मासिक वैदिक सत्संग का शुभारंभ प्रात:काल हवन यज्ञ के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता स्वामी धर्मदेव महाराज श्रद्धालुओं को वैदिक धर्म, संस्कारों और जीवन मूल्यों से संबंधित महत्वपूर्ण विचारों से अवगत करवाएंगे। कार्यक्रम में भजनोपदेशक महाशय कैलाश कर्मठ (कलकता) भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे भजनों एवं वैदिक संदेशों के माध्यम से आर्य समाज के सिद्धांतों और विचारधारा की अलख जगाएंगे। वहीं वैदिक सत्संग में हरियाणा सरकार में चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यादविंद्र बराड़ ने बताया कि आर्य समाज सफीदों द्वारा समय-समय पर ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में वैदिक विचारधारा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए ऋषि लंगर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस मासिक वैदिक सत्संग में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम का लाभ उठाएं और वैदिक विचारधारा से जुड़ें।

Loading